- गले में फंदे के निशान के साथ अचेतावस्था में पहुंची नवयुवती, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया — जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट : सुरेश राजभर, वरिष्ठ संवाददाता — सत्व न्यूज़, गोला
गोरखपुर। बृहस्पतिवार दोपहर गोला थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक महिला अपनी अचेतावस्था में पड़ी 16 वर्षीय बेटी को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गोला पहुंची। डॉक्टरों ने जांच के बाद नवयुवती को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, मृतका के गले पर फांसी के फंदे जैसा निशान पाया गया है, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की मां सुधा देवी, निवासी ग्राम गरयाकोल (थाना गगहा) अपनी बेटी राज लक्ष्मी को अपने भांजे आशीष के साथ स्कूटी से इलाज के लिए सीएचसी गोला लेकर पहुंचीं। सुधा देवी ने डॉक्टरों से तत्काल उपचार की गुहार लगाई, परंतु जांच में राज लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलते ही गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। इसके साथ ही घटना की जानकारी गगहा थाना पुलिस को दी गई, जिसने मृतका के गांव पहुंचकर जांच प्रारंभ कर दी।
पूछताछ में मृतका की मां सुधा देवी ने बताया कि उनकी बेटी राज लक्ष्मी कक्षा 11वीं की छात्रा थी। सुबह वह अपने छोटे बेटे मोहन और भांजे आशीष के साथ खेत पर गई थी। कुछ देर बाद आशीष घर लौटकर पानी पीने आया तो उसने राज लक्ष्मी को पंखे से दुपट्टे के सहारे लटकता देखा। आशीष ने शोर मचाया, जिसके बाद घरवाले पहुंचे और राज लक्ष्मी को नीचे उतारा। सुधा देवी के अनुसार, उस समय राज लक्ष्मी में हल्की सांसें चल रही थीं, इसलिए वे उसे तत्काल इलाज के लिए ले गईं, किंतु रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ने पर गोला सीएचसी पहुंचीं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुधा देवी ने अपने पट्टीदारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व उनके विरुद्ध गगहा थाने में धारा 308 के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। इस तनाव के चलते उनकी बेटी मानसिक रूप से परेशान थी और इसी कारण उसने यह कदम उठाया। वहीं मृतका के मौसेरे भाई आशीष ने बताया कि राज लक्ष्मी एक यूट्यूब चैनल चलाती थी। सुबह उसकी मां ने मोबाइल छीन लिया और चैनल चलाने से मना किया, जिससे वह नाराज हो गई थी।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमरेंद्र ठाकुर ने बताया कि युवती को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। इंस्पेक्टर क्राइम विनय कुमार ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा समूचे मामले की जांच गगहा पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
लेखक: सुरेश राजभर, वरिष्ठ संवाददाता — सत्व न्यूज़
(पिछले पाँच वर्षों से प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय)