विकास की जंग में सक्रिय चिल्लूपार विधायक : समस्याओं के समाधान हेतु मंत्रियों से सीधा संवाद— वरिष्ठ संवाददाता अनुपम दुबे की विशेष रिपोर्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विकास की जंग में सक्रिय चिल्लूपार विधायक : समस्याओं के समाधान हेतु मंत्रियों से सीधा संवाद

— वरिष्ठ संवाददाता अनुपम दुबे की विशेष रिपोर्ट

चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र की वर्षों से लंबित और ज्वलंत समस्याओं के समाधान के लिए विधायक राजेश त्रिपाठी ने एक बार फिर सक्रियता और प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए राजधानी लखनऊ में विभिन्न विभागीय मंत्रियों से भेंट कर क्षेत्र की आवश्यकताओं को मजबूती से रखा। यह केवल औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि चिल्लूपार के भविष्य की रूपरेखा तय करने की एक गंभीर पहल थी।

विधायक राजेश त्रिपाठी ने अलग-अलग विभागों से संबंधित समस्याओं को लिखित रूप में प्रस्तुत कर शीघ्र समाधान का आग्रह किया। समाज कल्याण से लेकर परिवहन, खेल, नगर विकास, पर्यटन, सहकारिता और कृषि विपणन तक—लगभग हर उस क्षेत्र को छुआ गया, जो चिल्लूपार की सामाजिक-आर्थिक रीढ़ है।

दलित बस्तियों से लेकर सामुदायिक केंद्र तक की मांग

समाज कल्याण मंत्री श्री असीम अरुण से भेंट कर विधायक ने मकरंदपुर व चौकड़ी में सामुदायिक केंद्र, मरचीपार व परसिया की दलित बस्तियों में सड़क निर्माण, खोपापार, लखनापार सहित अनेक बस्तियों में रास्ता व जलनिकासी की मांग रखी। यह मांगें केवल विकास नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और सम्मान से जुड़ी हैं।

युवाओं और खेल को नई दिशा

खेल-कूद एवं युवा कल्याण मंत्री श्री गिरीश यादव से मिलकर गोला तहसील मुख्यालय क्षेत्र में स्वीकृत ग्रामीण स्टेडियम को शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग की गई, जिससे क्षेत्र के युवाओं को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

जर्जर सड़कों से मिलेगी मुक्ति

लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री श्री बृजेश कुमार सिंह से विधायक ने बिजयी गांव, लखनौरी-बैरियाखास, धौसहर, गोपालपुर-बारानगर, भूपगढ़ सहित अनेक जर्जर मार्गों की विशेष मरम्मत और लंबित नई सड़कों के शीघ्र स्वीकृति की मांग की।

नगरों के सौंदर्य और सुविधा पर फोकस

नगर विकास मंत्री श्री ए.के. शर्मा को बड़हलगंज, गोला व उरुवा नगर पंचायतों में नाला-नाली, इंटरलॉकिंग व सीसी रोड के प्रस्ताव सौंपे गए, ताकि नगरों को मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित किया जा सके।

आस्था, संस्कृति और पर्यटन का विकास

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह से समय स्थान मंदिर, बारानगर कालिका स्थान, घवलेश्वरनाथ मंदिर के सौंदर्यीकरण, राम-परशुराम प्रतिमा स्थापना तथा सरयू अमृत महोत्सव-2026 हेतु धन शीघ्र अवमुक्त करने की मांग रखी गई।

सहकारिता और परिवहन की मजबूती

सहकारिता मंत्री श्री जे.पी.एस. राठौर से जर्जर सोसाइटी भवन व फरसाड गोदामों के पुनर्निर्माण, जबकि परिवहन मंत्री श्री दयाशंकर सिंह से गोला तहसील मुख्यालय में बस स्टेशन निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग की गई।

कृषि विपणन से किसानों को राहत

कृषि विपणन एवं उद्यान मंत्री श्री दिनेश प्रताप सिंह से उरुवा क्षेत्र की कई प्रमुख सड़कों को मंडी विभाग से स्वीकृत कर शीघ्र निर्माण शुरू कराने का अनुरोध किया गया, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिले।

“मेरा उद्देश्य पद नहीं, क्षेत्र का विकास है”

वरिष्ठ संवाददाता अनुपम दुबे से बातचीत में विधायक राजेश त्रिपाठी ने भावुक स्वर में कहा—

> “मैं चिल्लूपार की मिट्टी में जन्मा हूँ। यह क्षेत्र मेरा घर है और पूरा प्रदेश मेरा परिवार। मुझे न पद की लालसा है, न किसी निजी लाभ की। मैंने अपना सब कुछ समाज और देश के लिए समर्पित कर दिया है। चाहे मैं किसी पद पर रहूँ या न रहूँ, चिल्लूपार के विकास के लिए सदैव संघर्ष करता रहूँगा।”

उन्होंने आगे कहा कि एक समय माफियागिरी और अव्यवस्था ने चिल्लूपार को जो नुकसान पहुँचाया, उसकी भरपाई के लिए यह प्रयास एक सार्थक और निर्णायक कदम है। उनके दरवाज़े हर व्यक्ति के लिए खुले हैं और वे “सबका साथ, सबका विकास” के मूल मंत्र में विश्वास रखते हैं।

भविष्य की ओर उम्मीद

सभी विभागीय मंत्रियों ने विधायक की मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र स्वीकृति और कार्य आरंभ कराने का आश्वासन दिया है। अब यह देखना शेष है कि यह प्रयास ज़मीन पर कितनी जल्दी उतरता है, लेकिन इतना तय है कि चिल्लूपार के विकास की एक नई इबारत लिखने की कोशिश पूरी ईमानदारी से जारी है।

अप संपादक अनुपमा दूबे

Leave a Comment

और पढ़ें