मारपीट में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम
गोरखपुर। बांसगांव थाना क्षेत्र के हरनहीं चौकी अंतर्गत ग्राम सैरो बनटोला में बीते 6 नवंबर को हुई मारपीट की घटना में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत की खबर लगते ही गांव में कोहराम मच गया। गुस्साए ग्रामीणों ने खजनी–सिकरीगंज मार्ग पर जाम लगा दिया और उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग करने लगे।
सूचना पर थानाध्यक्ष बांसगांव जितेंद्र कुमार सिंह मय फोर्स मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए स्थिति पर सख्त निगरानी बनाए रखी है।
बताया जा रहा है कि मृतक को कुछ दिन पहले गांव में हुई मारपीट में गंभीर चोटें आई थीं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद भी पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते लोगों का आक्रोश भड़क गया।
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।

सुरेश राजभर वरिष्ठ संवाददाता इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया.