गगहा क्षेत्र में खेल भावना का हुआ
शानदार प्रदर्शन
राऊतपार एस. पी. एकेडमी में भव्य कबड्डी प्रतियोगिता संपन्न


गोरखपुर। जनपद गोरखपुर के गगहा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा राऊतपार स्थित एस. पी. एकेडमी स्कूल में बच्चों एवं बच्चियों की एक भव्य कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागी विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्रवासियों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मझगाँवा बाजार श्री संदीप मोदनवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके करकमलों द्वारा कबड्डी खेल का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल हमें अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास सिखाता है। ग्राम स्तर पर ऐसे आयोजनों से बच्चों में न केवल खेल के प्रति रुचि बढ़ती है, बल्कि उनमें सामाजिक समरसता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना भी विकसित होती है।
कबड्डी प्रतियोगिता में बच्चों और बच्चियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का मन मोह लिया। मैदान पर खिलाड़ियों की फुर्ती, तकनीक और जोश ने यह संदेश दिया कि ग्रामीण अंचलों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेकों सम्मानित नागरिक, अभिभावक और विद्यालय परिवार उपस्थित रहे जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
अंत में विद्यालय प्रबंधन द्वारा विजेता टीमों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यालय परिवार और ग्रामवासियों की सराहना की गई। इस अवसर पर यह भी संदेश दिया गया कि ऐसी प्रतियोगिताएं आगे भी आयोजित होती रहेंगी ताकि गोरखपुर के ग्रामीण क्षेत्र से नई खेल प्रतिभाएं उभरकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।
(संवाददाता सुरेश राजभर है जो से लंबे समय से गोरखपुर एवं आसपास के क्षेत्र को इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के लिए कवर करते हैं– गगहा / गोरखपुर)