मदरिया में दलित युवक की पीट-पीटकर हत्या चिल्लूपार में दलित–यादव संघर्ष की आहट?
पुलिस प्रशासन की नाकामी पर उठे बड़े सवाल!

गोरखपुर/चिल्लूपार। मदरिया इलाके में बुधवार देर शाम हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे क्षेत्र का माहौल गर्म कर दिया है। दलित युवक रामनिवास पुत्र अफातु की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या ने न केवल गांव में तनाव बढ़ा दिया है, बल्कि यह सवाल भी खड़ा कर दिया है—क्या यह किसी बड़ी सामाजिक टकराव की शुरुआत है, या फिर कानून व्यवस्था की खुली नाकामी?
सूत्रों के मुताबिक, कुछ दबंगों ने सड़क पर ही रामनिवास पर बेरहमी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल रामनिवास को पहले दुर्गावती हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां से उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफ़र किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है, और पुलिस की सक्रियता पर ग्रामीणों ने उंगलियां उठानी शुरू कर दी हैं।
पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश और सामाजिक तनाव इस हत्या की वजह है। कई ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना दलित–यादव समुदायों के बीच बढ़ते तनाव का संकेत हो सकती है, जो आने वाले समय में चिल्लूपार क्षेत्र में नए सामाजिक समीकरणों की आहट को जन्म दे रही है।
दूसरी ओर, स्थानीय लोग प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर रहे हैं। उनका कहना है कि यदि पुलिस ने पहले से मौजूद तनाव को गंभीरता से लिया होता, तो यह वारदात शायद टाली जा सकती थी।
क्या यह पुलिस की लापरवाही का परिणाम है?
क्या प्रशासन चुनावी माहौल में संवेदनशील मामलों पर मौन साधे है?
या फिर किसी तीसरी शक्ति द्वारा क्षेत्र का माहौल बिगाड़ने की कोशिश?
अपर पुलिस अधिकारी ने आश्वासन दिया है कि दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, लेकिन ग्रामीणों का गुस्सा प्रशासन की धीमी कार्यवाही पर बरकरार है।
फिलहाल, मदरिया की यह घटना चिल्लूपार की राजनीति, समाज और सुरक्षा व्यवस्था—तीनों को झकझोर देने वाली बन चुकी है।
*सुरेश राजभर*