उरुवा क्षेत्र में 20 वर्षीय दलित युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या, परिजनों का आरोप — मजदूरी विवाद और जातिगत द्वेष बना कारण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उरुवा क्षेत्र में 20 वर्षीय दलित युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या, परिजनों का आरोप — मजदूरी विवाद और जातिगत द्वेष बना कारण

 

गोरखपुर।
उरुवा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा मरवटिया में 20 वर्षीय दलित युवक की दर्दनाक हत्या का मामला सामने आने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान आदित्य कुमार उर्फ लाला पुत्र नंदकिशोर के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि युवक को मजदूरी विवाद के चलते ट्रैक्टर से कुचलकर मौत के घाट उतार दिया गया।

मृतक की माता भानमती देवी ने बताया कि उनका पुत्र पूर्व में दुष्यंत तिवारी उर्फ छोटू के यहाँ मजदूरी करता था, लेकिन कुछ समय से उसने वहाँ काम करना बंद कर दिया था। इसी बात को लेकर अभियुक्त द्वारा लगातार दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि दिनांक 10 दिसंबर 2025 को सुबह लगभग 8 बजे, दुष्यंत तिवारी युवक को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया और थाना गोला क्षेत्र अंतर्गत चकसरया स्थान पर ले जाकर ट्रैक्टर से कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

परिजनों के अनुसार मृतक अनुसूचित जाति से संबंधित था और यह घटना मजदूरी मांगने व जातिगत दबंगई का परिणाम है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। पीड़ित परिवार ने थाना गोला में तहरीर देकर आरोपित के विरुद्ध कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

घटना की सूचना पर बहुजन समाज पार्टी, भीम आर्मी सहित अन्य सामाजिक व राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की कि मामले में SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित सख्त धाराओं में कार्रवाई की जाए और दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

घटना को लेकर मीडिया कर्मियों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा तहरीर के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

फिलहाल, इस घटना को लेकर ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। परिजन और सामाजिक संगठन निष्पक्ष जांच और त्वरित न्याय की मांग कर रहे हैं, ताकि इस जघन्य घटना से सामाजिक तनाव न बढ़े और पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

रिपोर्ट — सुरेश राजभर

Leave a Comment

और पढ़ें